नाहन हाउस चौकी नंबर चार के पास एक नाले से एक लापता युवक का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक युवक की पहचान कलाल माजरी निवासी के रूप में हुई।
मृतक युवक के जीजा राजू ने बताया कि बंटी शुक्रवार रात से ही घर से लापता था। जिस कारण परिवार के सभी सदस्य काफी परेशान थे।
बंटी की मां ने बताया कि बंटी का किसी से कोई झगड़ा नहीं था और वह चार बहनों का अकेला भाई था। लेकिन उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि यह घटना कैसे हुई।
बंटी अपने परिवार सहित कलाल माजरी में किराए के मकान में रहता था। वहीं, पुलिस ने आसपास लोगों से इस बारे में पूछताछ की. लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमोर्टम डाक्टरों के पैनल से करवाने का फैसला किया।
पुलिस चौकी-4 इंचार्ज बलवंत राय ने बताया कि युवक का नाले में शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम हो गया है। रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।