अंबाला। राजस्थान की बड़ी-बड़ी झीलों व समुद्र में चलने वाली लग्जरी मोटर बोट का लुत्फ अब अंबाला के सुभाष पार्क झील में भी उठा सकेंगे। मुंबई से करीब 10 लाख रुपये की लागत से इस मोटर बोट को मंगवाया गया है। शुक्रवार को इस बोट का ट्रायल लिया गया। बोट में एक साथ 10 लोग बैठ सकते हैं और बोट में सोफानुमा गद्दी भी लगी हुई है।
इसके अलावा झील में करीब आठ पैडल से चलने वाली बोट हैं जो बेहद आकर्षक है। इनमें से एक बोट कार की शेप में बनी हुई है जो पार्क में सैर करने वालों को बेहद आकर्षित कर रही है। बता दें कि चंडीगढ़ की सूखना लेक में भी लग्जरी मोटर बोट नहीं है। छावनी नेता जी सुभाष पार्क में चार एकड़ झील म्यूजिकल डांसिंग फाउंटेन के ठीक साथ बनी हुई है। नगर परिषद की तरफ से बोटिंग के रेट निर्धारित कर दिए गए हैं लेकिन उसे फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है।
अभी केवल तोपखाना झील में बोटिंग
अंबाला में अभी केवल तोपखाना झील में बोटिंग होती है जोकि आठ एकड़ में है। झील को साल 2019 में तैयार किया गया था। इसके बाद यहां कैंटोनमेंट बोर्ड ने बोटिंग की सुविधा शुरू की थी। झील में सफाई के जिम्मे के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाएं भी ठेकेदार देखता है। इस झील में सुबह-शाम लोग बोटिंग का लुत्फ उठाते हैं।
फूड कोर्ट के भी जल्द होंगे टेंडर
पार्क में आने वालों के लिए फूड कोर्ट भी बना हुआ है, इसके लिए जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। इसके अलावा नन्हे बच्चे टॉय ट्रेन में सफारी का लुत्फ उठा सकेंगे। प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पार्क में टॉय ट्रेन लगाने के निर्देश जारी किए थे। उन्होंने कहा कि पार्क में अच्छी किस्म की टॉय ट्रेन को लगाया जाए, जिसमें बच्चे बैठकर सफारी का आनंद ले सकेंगे।