अंबाला का जिम्नास्टिक कोच व खिलाड़ी योगेश्वर: स्वयं
- फोटो : samvad
अंबाला। खेल विभाग के कोच व खिलाड़ी योगेश्वर तुर्की में आयोजित होने वाली विश्व कप जिम्नास्टिक का हिस्सा बनेंगे। दरअसल, नेशनल की जिम्नास्टिक टीम में पांच खिलाड़ियों ने जगह बनाई है इनमें हरियाणा से केवल योगेश्वर का चयन हुआ है। सोमवार को योगेश्वर अंबाला से तुर्की के लिए रवाना हुए। वह पहले दिल्ली जाएंगे और वहां से तुर्की।
यह विश्व कप 20 से 23 मार्च को आयोजित होगा। योगेश्वर से एक बार फिर पदकों की उम्मीद जगी है। दरअसल, योगेश्वर सिंह अंबाला कैंट के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में प्रतिदिन अभ्यास करते हैं और खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षण देते हैं। योगेश्वर के कोच सतपाल छाबड़ा ने बताया कि योगेश्वर पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुका है। अंबाला के जिम्नास्टिक एसोसिएशन के चेयरमैन राजिंदर विज और जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह ने योगेश्वर को बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय खेल में छह पदक जीतकर योगेश्वर बने थे चैंपियन
दरअसल, फरवरी माह में उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल में योगेश्वर ने छह पदक हासिल कर ओवरऑल रनरअप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। योगेश्वर ने इस नेशनल गेम्स में दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए थे।
यह पदक टीम इवेंट, ऑल राउंड व इंडिविजुअल राउंड आदि इवेंट में झटके थे। दरअसल, अंबाला छावनी के प्रभु प्रेम पुरम निवासी योगेश्वर की नियुक्ति खेल विभाग में आउट स्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन पॉलिसी के तहत हुई है। इसके तहत कोच नियुक्त होने के बावजूद खिलाड़ी को पांच साल तक विभाग की तरफ से खेलने की अनुमति है। योगेश्वर पहले खेल विभाग की तरफ से ही खेलता था।