अंबाला सिटी। नवरात्र के सातवें दिन शहर के विभिन्न मंदिरों में मां कालरात्रि के स्वरूप की पूजा विधिवत तरीके से की गई। श्री महादेव मंदिर एवं सत्संग भवन सेक्टर नौ के पुजारी दिनेश शास्त्री व विशाल शास्त्री ने बताया कि रोजाना की तरह मंदिर परिसर में भक्तों की ओर से शुक्रवार को कालरात्रि विशेष पूजा की गई। भक्तों ने महामाई को फूल-फल आदि अर्पित किए। वही पुजारी दिनेश शास्त्री ने बताया कि मां कालरात्रि की विशेष पूजा करने से जीवन में आने वाले कष्टों का निवारण हो जाता है।
मां कालरात्रि की पूजा विशेष तौर पर रात्रि के समय की जाती है। जो भक्त मां कालरात्रि की पूजा विधिपूर्वक करता है, मां उसको सुख-समृद्धि व कष्टों की मुक्ति का वरदान का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। इस मौके पर मंदिर कमेटी के सचिव पवन गोयल ने बताया कि मंदिर परिसर में शाम चार बजे से महामाई का गुणगान किया जा रहा है। जिसमें सभी सेक्टरवासी मंदिर में पहुंचकर मां की महिमा का गुणगान कर रहे हैं।
इसी प्रकार सेक्टर दस स्थित मां वैष्णो मंदिर में भी भजन-कीर्तन का कार्यक्रम किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी श्यालिकराम ने बताया कि नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में प्रतिदिन मां की महिमा का गुणगान महिला संकीर्तन मंडल की ओर से निरंतर किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रतिदिन शाम पांच बजे आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान भक्त मंदिर में माता जी के दर्शन व पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंच रहे हैं।
सिटी के प्राचीन मां अंबिका देवी माता मंदिर में माता जी के सुंदर स्वरूप को सजाया गया। मंदिर के पुजारी राजू शर्मा ने बताया कि नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में रोजाना भजन-कीर्तन किया जा रहा है। वहीं सुबह करीब चार बजे से रात 11 बजे तक भक्तों की भीड़ मंदिर में माता के दर्शनों के लिए पहुंच रही है। मंदिर पुजारियों की ओर से माता की विशेष पूजा भी करवाई जा रही है।
वहीं सिटी के मां दुख भंजनी मंदिर भवन में मां महाकाली जी की विशेष पूजा करवाई गई। मंदिर के पुजारी आचार्य पंकज शास्त्री ने बताया कि सातवें नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में माता जी के स्वरूप को सुंदर वस्त्रों व आभूषणों से सजाया गया। जिसके दर्शन करने के लिए भक्त दूरदराज क्षेत्रों से मंदिर पहुंच रहे हैं। शाम करीब साढ़े सात बजे मंदिर परिसर में माता की विशेष आरती का कार्यक्रम रखा गया है। जिसमें शहर भर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता जी की विशेष आरती में भाग लेते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।