साहा। तेपला स्थित एक निजी कंपनी में काम कर रहे यमुनानगर के मॉडल टाउन निवासी परविंद्र(49) की दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने किसी अनहोनी होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच होने तक शव को अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
साहा थाना प्रभारी कर्मबीर ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी लिखित में कोई शिकायत नहीं आई है। परिजन जो सवाल उठा रहे हैं, उनकी हर एंगल से जांच की जा रही है। प्राथमिकी दृष्टि से मौत खिड़की से गिरने पर हुई है। परविंद्र के हाथ में खिड़की का पर्दा भी था। कंपनी के कर्मचारियों द्वारा बताया गया है कि दोपहर के समय सभी खाना खा रहे थे। इस दौरान परविंद्र दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गया था। कुछ ही देर बाद नीचे गिरने की आवाज आई। एक ओर जहां कर्मचानी परिविंद्र के खुद ही अनियंत्रित होकर गिरने की बात कह रहे हैं। वहीं परिजन किसी अनहोनी होने की आशंका जता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल जाएगा। परिविंद्र 1 जून को ही कंपनी में सुपरवाइजर नियुक्त हुआ था। उसके दो बच्चे हैं और वह खुद तीन भाई व एक बहन है। संवाद