अंबाला सिटी। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के चुनाव के दृष्टिगत उपायुक्त कार्यालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से ईवीएम और स्टाफ की रेंडामाइजेशन का काम किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त पार्थ गुप्ता व संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के नेतृत्व में किया गया।
रेंडामाइजेशन के बाद संबंधित प्रत्याशियों को वार्डों के तहत जो मशीनें आबंटित की गई हैं, उसकी कापी भी उपलब्ध करवाई गई। उपायुक्त ने बताया कि 19 जनवरी को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तहत चुनाव होना हैं। चुनाव प्रात: 8 बजे से सांय 5 बजे तक होगा। उन्होंने कहा कि 10 जनवरी तक नई वोट बनाने का कार्य किया जा रहा हैं। मत से संबंधित कोई भी त्रुटि हो तो संबंधित व्यक्ति अपने आरओ के पास जाकर इस कार्य को समय अवधि के तहत करवा सकता हैं।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव के दिन ही मतदान उपरांत संबंधित बूथों पर ही मतगणना का कार्य किया जाएगा और आरओ की ओर से बूथों की रिपोर्ट उपरांत अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव के तहत जिले में 54 बूथ बनाए गए हैं। जिनके तहत तीन नारायणगढ़ में नाै बूथ, बराड़ा में 13 बूथ, अंबाला टू के तहत 11 बूथ, अंबाला वन के तहत 16 बूथ और नग्गल के तहत पांच बूथ शामिल हैं।
नगराधीश पूजा कुमारी ने बताया कि 13 नवंबर तक अंबाला छावनी के तहत 7003 सिख मतदाता है, जिनमें 3381 पुरुष और 3622 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार बराड़ा के तहत 9278 सिख मतदाता है, इनमें 4214 पुरुष व 5064 महिला मतदाता हैं। नारायणगढ़ के तहत 6369 सिख मतदाता है, इनमें 2710 पुरुष व 3659 महिला मतदाता हैं। अंबाला शहर के तहत 12148 सिख मतदाता है, इनमें 5685 पुरुष और 6463 महिला मतदाता हैं। नग्गल के तहत 4040 सिख मतदाता है, इनमें 1541 पुरुष व 2499 महिला मतदाता हैं।
इस मौके पर रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अंबाला शहर दर्शन कुमार, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बराड़ा अमित भारद्वाज, रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम अंबाला छावनी सतिंद्र सिवाच, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, बीडीपीओ जोगेश कुमार, डीआईओ शुभम जोधा, चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार मौजूद रहे।