चंडीगढ़-अंबाला मुख्य सड़क पर इंडस इंटरनेशनल अस्पताल के सामने हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला/डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला मुख्य सड़क पर इंडस इंटरनेशनल अस्पताल के सामने कार ने सड़क पार कर रहीं दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक भाग गया। लोगों ने पीछा कर उसको पकड़ लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक 66 वर्षीय कुलदीप कौर, 58 वर्षीय गुरदेवी कौर पत्नी धर्मपाल सिंह निवासी साहा अंबाला की निवासी हैं। हादसे में धर्मपाल घायल हो गए।
जांच अधिकारी एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि धर्मपाल अपनी पत्नी और एक अन्य महिला के साथ उक्त अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार का पता करने आए थे। जब वे अस्पताल से निकलकर बस लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी अंबाला की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में कुलदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुरदेवी कौर की इंडस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक कार चालक राजन कुमार निवासी गाजियाबाद का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ डेराबस्सी की ओर आ रहा था। टक्कर मारने के बाद वह मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लोगों ने पीछा कर डेराबस्सी फ्लाईओवर के पास उसको घेर लिया। पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया है। हादसा करने वाली गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।