अंबाला। रहिमन पानी राखिये, बिन पानी सब सून, पानी गए न ऊबरे, मोती, मानुष, चून। रहीम का यह दोहा इन दिनों अंबाला में एकदम फिट बैठ रहा है। लगातार चार दिन से बिजली संकट के चलते ट्विनसिटी में पेयजल की समस्या पैदा हो गई है। लोग वाटर कैंपर खरीदकर अपनी जरूरतों को पूरा कर रहे हैं।
ट्विन सिटी में बिजली अघोषित कटों ने दिन के साथ रातों का चैन छीन लिया है। अघोषित कटों की स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वीरवार को अंबाला में बिजली खपत करीब 78 लाख यूनिट थी, जो शुक्रवार को घटकर 48 लाख यूनिट रह गई। वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री था और शुक्रवार को 36 डिग्री। शुक्रवार को तापमान अधिक होने के बावजूद 30 लाख यूनिट कम खपत हुई, मतलब एकदम साफ लोगों को 8-10 घंटे बिजली ही नहीं मिल रही। बिजली संकट के चलते जलापूर्ति विभाग ने भी पानी सप्लाई करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे हालात तो जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी नहीं हैं।
कई जगह खंभे टूटने के कारण बिजली आपूर्ति की दिक्कतें आ रही हैं। शनिवार को ज्यादातर एरिया में बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है। जहां थोड़ी बहुत दिक्कतें रह गई हैं, जल्द ही उन्हें भी दूर कर दिया जाएगा।
- वीके बरनवाल, एसई बिजली निगम।
बिजली नहीं आने के कारण पानी की दिक्कतें आ रही हैं। शनिवार के ज्यादातर एरिया में पानी की सप्लाई की गई है। बिजली ठीक रही तो कल सुबह तक हर एरिया में पूरी तरह से पानी पहुंचा दिया जाएगा।
- अनिल चौहान, एक्सईएन पब्लिक हेल्थ।