अंबाला। घर के आगे से रेत उठाने को लेकर पड़ोसियों ने एक परिवार पर रॉड व गंडासी से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना बराड़ा पुलिस को दी शिकायत में निसार खान ने बताया कि वह गांव बराड़ा का निवासी है। घर के पास ही उसकी किराना की दुकान है। 03 अप्रैल को आकिल खान ने अपने घर के निर्माण के लिए उसके मकान के दरवाजे के सामने गली में रेता डलवाया था। उसकी पत्नी रानी ने आकिल खान को दरवाजे के सामने से हटाने के बारे में कहा तो उसने उसकी पत्नी के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद आकिल और उसका छोटा भाई आदिल व उसके चाचा का लड़का मौसिन खान उर्फ जोनी व मोईन ने मारपीट करते हुए उसके ऊपर गंडासी व रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में वह और उसके परिवार के सदस्य घायल हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने आकिल खान, आदिल, मोसिन खान उर्फ जोनी, मोईन, अमीर उर्फ मीरु, आशीक खान व साहिल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।