एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी करने के दावे किए जा रहे हैं। गेहूं खरीद में किसी भी तरह की कोई परेशान न हो, इसको लेकर गत दिवस उपायुक्त की ओर से भी संबंधित अधिकारियों की बैठक ली गई थी, उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए थे कि किसी भी किसान को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। उसके बाद ही संबंधित अधिकारियों की ओर गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। सिटी अनाज मंडी में किसानों को दिक्कत न हो, इसके लिए किसान भवन से लेकर मार्केट कमेटी कार्यालय में व्यवस्था करवाई जा रही है, इसके अलावा शौचालय के दरवाजे व अन्य बदलवाने का कार्य भी किया जा रहा है। गेहूं आने से पहले रोड का पैंच वर्क भी पूरा किया गया है। ऐसी स्थिति केवल सिटी मंडी ही नहीं बल्कि जिले भर की 14 मंडियों में दिखाई दी।
अधिकारियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि इस बार किसी भी मंडी में किसानों को गेट पास के कारण परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। इसको लेकर मंडी में एक गेट पर दो व उससे अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अन्य व्यवस्था भी की जा रही है। वहीं सभी तोल यंत्रों को भी दुरुस्त करवा दिया गया है।
गेहूं उठान को लेकर होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए प्रशासन की ओर से उठान का टेंडर लगा दिया है। इससे कि गेहूं उठान में किसी तरह की देरी हो। वहीं ठेकेदारों को गेहूं उठान में किसी भी तरह की देरी न करने के आदेश अभी से जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा आढ़तियों के सामने आने वाली बारदाना कमी की समस्या को भी दूर करने का अधिकारियों की ओर से दावा किया जा रहा है। बता दें कि हर बार आढ़तियों को बारदाना की कमी के कारण परेशानी से जूझना पड़ता था, इसी समस्या को इस बार दूर किया गया है।
गेहूं की खरीद का कार्य इस बार सरकार की ओर से 2015 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से किया जाएगा। किसानों को गेहूं की फसल की पेमेंट समय पर हो, इसके लिए उपायुक्त ने डीएफएससी और सभी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए है, इससे कि किसानों को पेमेंट को लेकर किसी तरह की कोई परेशान न हो क्योंकि प्रतिवर्ष 15 से 20 दिन बीत जाने के बाद भी किसानों के खातों रुपये नहीं आते थे और किसानों को परेशानी झेलनी पड़ती थी।
अंबाला जिले की सभी 14 मंडियों से पिछली बार कुल 3 लाख 26 हजार 569 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी। इसमें 1 लाख 11 हजार 726 मीट्रिक टन डीएफएससी ने, 1 लाख 95 हजार 312 हैफेड ने व वेयर हाऊस ने 19 हजार 530 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की थी। वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार गेहूं खरीद की अच्छी आवक होगी।
हमारी ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है, बारदाना आ चुका है, उठान के लिए टेंडर हो चुका है, इसके अलावा अन्य व्यवस्थाएं हो चुकी है, इससे कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
- केके गोयल, डीएफएसी, अंबाला।