अंबाला। खेलो इंडिया गेम्स को लेकर अंबाला में होने वाली जिम्नास्टिक व स्वीमिंग प्रतियोगिता से पहले दो करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बने स्वागत द्वार का शुभारंभ हो सकता है। रेलवे स्टेशन के सामने बने इस स्वागत द्वार का बृहस्पतिवार को गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निरीक्षण किया। मंत्री विज ने संबंधित अधिकारियों से चौक के काम को लेकर चर्चा की।
साथ ही मंत्री विज ने चौक में कुछ छोटे-छोटे बदलाव करने के निर्देश दिए। जिसमें चौक की लाइटिंग के साथ-साथ इनोग्रेशन, पत्थर को थोड़ा चौक के पास करने और साथ ही अंबाला में एंट्री करते समय चौक पर वेलकम और जाते समय थैंक्स फॉर विजिट लिखने की बात कही। हालांकि अभी चौक पर अंबाला कैंट ही लिखा हुआ है। इस दौरान नगर परिषद के एमई प्रीतपाल सिंह ने कहा कि चौक का काम लगभग पूरा हो चुका है। खेलो इंडिया गेम्स की शुरुआत तक इस चौक का शुभारंभ हो सकता है ताकि दूर दराज से आने वाले खिलाड़ी भी इस चौक की सुंदरता देख सके।