हिसार में पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर में सुबह बूंदाबांदी हुई। इसके बाद भी बादल छाए रहे। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। 29 फरवरी को एक और मध्यम श्रेणी का विक्षोभ आएगा। इसके असर से 1 से 3 मार्च के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
शहर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण सोमवार को दिन भर हल्के बादल छाए रहे। मगर मंगलवार सुबह ही मौसम में बदलाव आया और करीब 6 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद सुबह 9 बजे रुक-रुक बूंदाबांदी होती रही। इससे मौसम ठंडा हो गया। बूंदाबांदी थमने के बाद भी आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। सुबह साढ़े 8 बजे तक शहर में 0.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा रहा।
अंबाला में मंगलवार सुबह से मौसम में परिवर्तन दिखाई दे रहा है। सुबह के समय धुंध की चादर बिछी दिखाई दी। इसके साथ ही ठंडी हवा भी ठंड का अहसास करा रही है। वहीं धूप न निकलने से लोगों को सर्दी का एक बार फिर से अहसास हाेता दिखाई दे रहा है। वहीं हाल ही के दिनों में अच्छी धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही थी।
कुरुक्षेत्र में अलसुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिला, जिसके चलते अल सुबह से ही आसमान में बादल छा गए और ठंड का असर बना रहा। जबकि सुबह 10 बजे के बाद हल्की धूप भी निकली और फिर से आसमान में बादल छा गए। मंगलवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहने के आसार है।
फतेहाबाद में मंगलवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 29 फरवरी को बादलवाही व बारिश की आशंका है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और आसमान में बादल देखकर किसान भी काफी खुश नजर आ रहे हैं।
किसानों के अनुसार, इस बार अगर अच्छी बारिश होती है तो यह गेहूं की फसल के लिए काफी फायदेमंद होगी, बशर्ते बारिश के साथ तेज हवाएं न चलें। किसानों ने बताया कि यह मौसम काफी अच्छा चल रहा है। अगर एक बारिश हो जाती है तो गेहूं की फसल में पकाव आने लगेगा और दाना भी अच्छा बनेगा। इससे उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, इस सीजन में गेहूं व सरसों की फसल के लिए मौसम काफी अच्छा रहा है। गेहूं व सरसाें को जो तापमान चाहिए था, वह बिल्कुल अनुकूल है। तापमान की वजह से इस बार गेहूं व सरसों की फसल को फायदा होगा।
फतेहाबाद में मंगलवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री व न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।