अंबाला सिटी। पुलिस लाइन के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बारहवीं कक्षा के एनएसक्यूएफ के अंतर्गत कौशल विषय से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय रोजगार मेला लगाया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि के तौर पर अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता पहुंचे। यह मेला जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक सुधीर कालड़ा के मार्गदर्शन एवं एपीसी पूजा शर्मा की देखरेख में लगाया गया। अधिकारियों ने रोजगार मेले का निरीक्षण किया और विभिन्न कंपनी की ओर से चयनित उम्मीदवारों के बारे में जानकारी ली। मेले में 125 उम्मीदवारों के लिए 20 कंपनियों ने भाग लिया। इनमें से 27 उम्मीदवारों को रोजगार मिला और नौ को वेटिंग सूची में रखा गया।
इस रोजगार मेले में 7 विभिन्न कौशल विषय आईटी, ब्यूटी एंड वैलनेस, एग्रीकल्चर, बैंकिंग एंड फाइनेंस, हेल्थ केयर, ऑटोमोबाइल एवं रिटेल से संबंधित कंपनी ने भाग लिया। इसमें 28 स्कूलों के वर्ष 2023-24 के बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी जिनके पास एनएसक्यूएफ वोकेशनल कोर्स प्रमाण-पत्र है, उन्होंने साक्षात्कार दिया।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि इस तरह के जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन युवक-युवतियों के लिए भविष्य में मील का पत्थर साबित होंगे।
कार्यक्रम को आयोजित करवाने में एपीसी पूजा शर्मा, बीआरपी, एबीआरसी, सभी वीटी एवं जिला रोजगार कार्यालय का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने मेले में चयनित उम्मीदवारों को बधाई दी। इस एक दिवसीय रोजगार मेले को सफल बनाने में पुलिस लाइन प्रधानाचार्य गुरिंद्र सिंह एवं उनकी विद्यालय टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस मौके पर लेखाधिकारी भूपिंद्र कुमार, एपीसी हरजिंद्र सिंह, सूर्याकांत, तरुण कालिया, अतुल मौजूद रहे।
राजकीय स्कूलों में चल रहे हैं यह वोकेशनल कोर्स
जिले के राजकीय स्कूलों में 14 वोकेशनल कोर्स चल रहे हैं। इनमें आईटी, रिटेल, बैकिंग, एग्रीकल्चर, ऑटोमोबाइल, सिक्योरिटी, ब्यूटी एवं वेलनैस, हेल्थ केयर, टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी, मीडिया एवं इंटरटेनमैंट, वस्त्र निर्माण, फिजिकल एजुकेशन एवं स्पोर्ट्स, पॉवर वोकेशनल कोर्स शामिल हैं। यह कोर्स विद्यार्थी 9वीं से 12वीं कक्षा तक वैकल्पिक विषय के तौर पर ले सकते हैं।