मुलाना। गन प्वाइंट पर महिला के साथ रादौर में दुष्कर्म करने के मामले में सोमवार को पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हो सके। पीड़िता की तबीयत खराब होने के कारण बयान दर्ज नहीं हुए। अब दोबारा से बयान दर्ज कराने को पीड़िता से मुलाना पुलिस संपर्क करेगी। पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों को पुलिस पकड़ने की कार्रवाई शुरू करेगी।
दरअसल, पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 22 जून 2024 को अपने निजी काम से वह सहारनपुर गई थी। वापस आते समय शाम को वह दोसड़का चौक पर बस से उतरी। साढ़े 6 बजे अचानक एक ऑल्टो कार रुकी, जिसमें चार व्यक्ति सवार थे। शिकायत के अनुसार चारों आरोपी पीड़िता को जबरन कार में डालकर रादौर में आरोपी भूषण कांबोज के घर पर ले गये। वहां पर भूषण व उस की पत्नी दोनों मौजूद थे। शिकायत के अनुसार आरोपी महिला ने पीड़िता को कहा कि जिस तरह मैं कहती हूं उस तरह करना पड़ेगा नहीं तो मैं गोली मार दूंगी।
आरोप है कि भूषण ने गन प्वाइंट पर अपने घर पर पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसकी पत्नी ने उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाई । जिसके बाद आरोपी पति-पत्नी ने पीड़िता को उसकी वीडियो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करना शुरू किया। वीडियो वायरल होने के डर से पीड़िता ने आरोपी महिला को 12 लाख 40 हजार रूपये तक दे दिए । लेकिन जब पीड़िता ने पैसे देने से मना किया तो 4 मार्च 2025 को आरोपी ने पीड़िता की अश्लील वीडियो उसके रिश्तेदारों के पास भेज कर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। पिड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर कार्यवाही शुरू कर दी है।