किसी द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप पर कथित रूप से पुलिस कर्मी द्वारा रिश्वत मांगने का ऑडियो अपलोड करने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया। पुलिस ने इस संबंध में जहां अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है, वहीं मामले की जांच एसीपी नारायणगढ़ द्वारा की जाएगी।
किसी मामले में कथित रूप से एक पुलिस कर्मी ने किसी व्यक्ति से रिश्वत मांग ली। इसी व्यक्ति ने यह बातचीत रिकार्ड कर ली, जबकि यह आडियो व्हाट्सएप के हेल्प एंड टेली ग्रुप में डाल दिया।
इसके बाद यह आडियो वायरल हो गया। मामला उच्च अधिकारियों की जानकारी में पहुंचा, तो वे भी हैरान रह गए। दावा किया जा रहा है कि यह कथित पुलिस कर्मी पहले भी कई बार सुर्खियों में रहा है।
इसके बाद पुलिस ने भी आनन-फानन में इस आडियो के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना बराड़ा प्रभारी नरेंद्र कादियान ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर दिया है।
नारायणगढ़ के एसीपी रमेश कुमार ने बताया कि उनके पास शिकायत आई है, जिसकी जांच की जा रही है। जो क्लिप आई है वह बराड़ा क्षेत्र से संबंधित बताई गई है। बाकी जांच करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।