सूबे के सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूलों में अब योगा करवाना अनिवार्य होगा। सुबह मार्निंग असैंबली में सभी स्कूलों के छात्र दस मिनट योगा करेंगे और उसके बाद 15 मिनट पीटी करेंगे। सभी स्कूलों के लिए ये निर्देश मान्य होंगे, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उक्त निर्देश हरियाणा शिक्षा विभाग ने सूबे के हर जिले के शिक्षा अधिकारियों को भेज दिए हैं। शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में ये निर्देश सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूलों में लागू करवाना सुनिश्चित करें।
विद्यार्थियों को फिटनेस बनाने की कवायद
हरियाणा शिक्षा विभाग ने ये निर्देश हरियाणा स्पोर्ट्स एंड फिजिकल फिटनैस पॉलिसी-2015 के तहत जारी किए हैं। जिसके अंतर्गत सभी छात्रों को स्कूली स्तर पर ही फिट बनाए रखने की कवायद शुरू की जा रही है। मार्निंग असैंबली में रोजाना 10 मिनट छात्र योगा करेंगे।
इस योगा में प्राणायाम के साथ-साथ अन्य योग क्रियाएं छात्रों को सीखाई जाएंगी। उसके बाद छात्र पीटी भी करेंगे। मार्निंग असैंबली में इस 25 मिनट की फिटनैस क्लास के बाद सभी छात्र अपने कक्षाओं में जाएंगें और अन्य विषयों की पढ़ाई शुरू करेंगे। इसके अतिरिक्त सभी स्कूलों में ये भी निर्देश दिए गए हैं कि वे 21 जून को अपने-अपने स्कूल में इंटरनेशनल योग दिवस मनाएंगें।
हर माह रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाएगी
छात्रों को फिट रखने के उद्देश्य से शुरू की गई ये योजना सिर्फ कागजी नहीं रहेगी। इसके लिए जिला स्तर पर शिक्षा विभाग निगरानी टीम भी बनाएगा। दूसरा, सभी स्कूल अपने-अपने स्कूल में दस मिनट योगा और पंद्रह मिनट मास पीटी करवा रहे हैं या नहीं?
इसकी मासिक रिपोर्ट जिला शिक्षा विभाग को भेजेंगे और जिला शिक्षा अधिकारी इसकी रिपोर्ट प्राथमिकता पर हर माह हरियाणा शिक्षा विभाग को भेजेगा। ताकि स्कूलों मेें छात्रों की फिटनैस पॉलिसी को पूरी तरह लागू करवाया जा सके और छात्रों को इस पॉलिसी का लाभ हो।
उधर, जिला शिक्षा अधिकारी धर्मवीर कादियान का कहना है कि जो भी निर्देश हरियाणा शिक्षा विभाग से आए हैं, उसकी पूरी पालना की जाएगी।