नारायणगढ़। बुधवार देर रात नारायणगढ़-कालपी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में जहां दो लोगों की मौत हो गई, वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद टैंकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले से भड़के लोगों ने उक्त मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के प्रयास शुरु किए।
जानकारी के अनुसार गांव बधौली के रहने वाले ज्ञान सिंह, राजिंद्र, सुभाष बाइक से आ रहे थे। वे गांव बधौली में बन रही गुग्गा माड़ी से अपने गांव की ओर मुड़ने लगे, तो सामने से आ रहे एक टैंकर ने इन बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले गया। हादसे में तीनों बुरी तरह से घायल हो गए।
इसी दौरान पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने ज्ञान सिंह व राजिंदर सिंह मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुभाष को प्राथमिक उपचार दिया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया।
दूसरी ओर इस हादसे के बाद भड़के लोगों ने उक्त मार्ग पर जाम लगा दिया। लोगों का कहना है कि एक तो पुलिस की कार्रवाई ढीली है, जबकि इस रास्ते से हैवी वाहन बेलगाम होकर गुजरते हैं। जाम की सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने की कोशिशें शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक लोगों ने जाम नहीं खोला, जबकि पुलिस लोगों से बातचीत कर रही थी।