अमेरिका से बुधवार को लौटे एक पिता को उसके बेटे की मौत की खबर ने झकझोर कर रख दिया। करीब सत्रह साल के इस लड़के ने ट्रेन के आगे आकर सुसाइड कर लिया। बताया जाता है कि लड़के के माता-पिता अमेरिका में अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए गए थे, जबकि लड़के की मां अभी भी अमेरिका में ही है।
जीआरपी ने इस संबंध में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि सुसाइड के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद का रहने वाला अमनजोत सिंह (17) ने अंबाला कैंट और सिटी के बीच रेल लाइनों पर पहुंचा और रेल लाइनों पर लेट गया।
इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि सिर धड़ से अलग हो गया। सूचना पाकर जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंच और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
शव की तलाशी के दौरान एक मोबाइल जीआरपी कर्मियों को मिला। इसी मोबाइल में मिले नंबरों पर फोन किया, जिसके बाद उसके पिता से संपर्क हुआ।
सूचना पाकर अमनजोत सिंह का पिता हरप्रीत सिंह, जो सेना से रिटायर्ड हैं, तुरंत मौके पर पहुंचे। अपने बेटे का शव देखकर वे अपनी सुध-बुध खो बैठे, जबकि उनको मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से संभाला।
बताया जाता है कि हरप्रीत व उनकी पत्नी (अमनजोत सिंह के माता-पिता) अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए अमेरिका गए थे। वे बुधवार को ही अमेरिका से लौटे थे, जबकि अमनजोत की माता अभी भी अमेरिका में ही हैं।
पूछताछ में हरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके बेटे ने सुसाइड क्यों किया, उनको कुछ जानकारी नहीं है। पुलिस को फिलहाल शव के पास से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
अंबाला कैंट व सिटी के बीच रेल लाइन पर एक लड़के ने सुसाइड किया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का कुछ पता नहीं चल पाया है, जबकि शव का पोस्टमार्टम कराकर शव वारिसों को सौंप दिया गया है।
- पदम सिंह, सब इंस्पेक्टर, जीआरपी कैंट थाना