अंबाला। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश मुकुंद ने कहा कि प्रजातंत्र में वोट का विशेष महत्व है। मताधिकार मिलने से मतदाता को सरकार चुनने में भागीदारी मिलती है। सभी को 18 वर्ष की निर्धारित आयु में अपना वोट बनवाकर समझदारी और विवेक से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। मंगलवार को 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से मनाया गया। हरियाणा निवास चंडीगढ़ से मुख्य सचिव संजीव कौशल और मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा अनुराग अग्रवाल वीसी से जुड़े और उन्होंने नए मतदाताओं को शुभकामनाएं दी।
उन्होंने मतदाता दिवस पर संदेश देने के साथ-साथ शपथ भी दिलवाई। चुनाव, मतदाता, चुनाव प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर उन्होंने मत, मतदाता और मतदान विषय पर पिछले दिनों हुई भाषण व निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इनमें जिला अंबाला के दो विद्यार्थी राजकीय महिला कॉलेज पुलिस लाइन शहर की छात्रा योगिता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रेमनगर का छात्र चिराग शर्मा भी शामिल हैं। वीसी के माध्यम से जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी भी जुड़े।
वीसी के उपरांत नगराधीश मुकुंद ने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वे अपना मत अवश्य बनवाएं और चुनाव में उसका प्रयोग कर देश की तरक्की में योगदान दें।