शहजादपुर। पुराने बस स्टैंड के पास एक दो मंजिला दुकान के साथ लगते खाली प्लॉट में जेसीबी से हो रही नींव की खोदाई के बाद बनी-बनाई इमारत कुछ ही घंटों के बाद दुकान की ओर झुक गई, जिससे पूरी बिल्डिंग के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। पीड़ित दुकानदार बलविंदर ने बताया कि उसने करीब 6 साल पहले 45 फुट लंबी और 11 फुट चौड़ी दुकान का निर्माण किया था, जहां वह शीशे का कारोबार करते हैं।
रविवार को पड़ोसी ने अपनी दुकान बनाने के लिए जेसीबी से खोदाई करवाई। इसके प्रभाव से उनकी दुकान की नींव दरक गई और इमारत झुकने से दीवारों में बड़ी-बड़ी दरार आ गईं। दुकान के भीतर रखा कांच का सामान भी चकनाचूर हो गया। दुकानदार का आरोप है कि इस लापरवाही से न केवल उसकी लाखों की दुकान खत्म हो गई, बल्कि बिजली की तारों के पास होने से शॉर्ट सर्किट का भी खतरा पैदा हो गया है। पीड़ित ने शहजादपुर थाने में शिकायत दी है।