अंबाला सिटी। मॉडल टाउन चौकी क्षेत्र स्थित अग्रवाल फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर चोरी करने का मामला सामने आया है। पंप के दो सेल्समैन पेट्रोल पंप की 24 घंटे की बिक्री का कैश और एक साथी कर्मचारी की मोटरसाइकिल लेकर भाग गए।पुलिस को दी गई शिकायत में पेट्रोल पंप के मैनेजर उत्पलकान्त द्विवेदी (निवासी बक्सर, बिहार) ने बताया कि वे एक साल से अग्रवाल फ्यूल्स पर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पंप पर वेद प्रकाश तिवारी (निवासी बाराबंकी, उत्तर प्रदेश) और गुड्डू मिश्रा बतौर सेल्समैन काम करते थे।
घटना 28 अक्तूबर की सुबह करीब 11 बजे की है। दोनों आरोपियों ने पेट्रोल पंप के ही दूसरे सेल्समैन सुभाष कुमार से उसकी मोटरसाइकिल उधार ली। इसके बाद दोनों आरोपी उसी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पंप की 24 घंटे की कुल बिक्री का नकद 1,12,691 तथा एडवांस नकद 10,000 यानी कुल लगभग 1,22,691 नकद रुपये लेकर भाग गए। जांच अधिकारी वकील सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। संवाद