अंबाला। जम्मू और कश्मीर में हाेने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी फेंसिंग चैंपियनशिप में अंबाला के फेंसिंग खिलाड़ी ध्रुव और हर्ष खटकर भाग लेंगे। यह ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी फेंसिंग चैंपियनशिप पांच से लेकर 10 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। ध्रुव ने कुरुक्षेत्र में आयोजित इंटर कॉलेज फेंसिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जगह बनाई है वहीं खिलाड़ी हर्ष खटकर ने पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित इंटर कॉलेज फेंसिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर अपनी जगह पक्की की।
तलवारबाजी कोच विकास धनिया ने बताया कि ध्रुव ने कुरुक्षेत्र में आयोजित फेंसिंग इंटर-कॉलेज टूर्नामेंट में एकल फाइल इवेंट में कांस्य पदक जीता। इसके बाद वह ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी के लिए सेलेक्ट हुए। अब ध्रुव जम्मू और कश्मीर में होने वाले ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप भाग लेगा।
इसके साथ ही ध्रुव ने टीम फाइनल टीम इवेंट में रजत पदक और सेबर टीम इवेंट में भी कांस्य पदक जीता। इसी तरह से हर्ष खटकर ने इंटर कॉलेज फेंसिंग चैंपियनशिप पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में फॉयल इवेंट और सेबर इवेंट में रजत पदक जीता। जिसके बाद हर्ष खटकर का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी के लिए हुआ।
इसके साथ ही हर्ष ने टीम फॉयल और सेबर टीम में दो पदक भी जीते। मौजूदा समय में खिलाड़ी ध्रुव और हर्ष खटकर अंबाला छावनी के डीएवी रिवरसाइड स्कूल में कोच विकास धानिया के पास तलवारबाजी का अभ्यास कर रहे हैं।