संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ट्रेनों में चोरी करने सांसी गिरोह के साथ संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक रेलवे नितिका गहलोत ने वीरवार को दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। इसमें कुरुक्षेत्र में तैनात जीआरपी प्रभारी विलायती सैनी शामिल हैं जोकि पूर्व में अंबाला में सीआईए जीआरपी के प्रभारी रहे हैं, वहीं सिटी जीआरपी चौकी में तैनात अमित पर भी इस मामले की गाज गिरी है।
ऐसे हुआ खुलासा : पिछले दिनों गुरुग्राम और अंबाला में ट्रेनों में हुई चोरी की जांच जीआरपी अंबाला के कर्मचारियों को सौंपी गई थी। उन्होंने एसपी के निर्देश पर मामले की पुन: जांच शुरु की तो मामले की कड़ियां सांसी गिरोह से जुड़ती मिलीं। इसके बाद एसपी द्वारा गठित टीम ने जब सांसी गिरोह पर शिकंजा कसा तो मामले का खुलासा हो गया। इस खुलासे के दौरान गिरोह ने दो जीआरपी कर्मचारियों का नाम भी लिया था कि वो उनके साथ लेन-देन करते थे और इस वजह से उन पर आंच नहीं आई।
स्कैनर ने खोला राज : मामले को खंगालने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार मोबाइल के स्कैनर से लेन-देन का कारोबार चल रहा था, यह खुलासा जांच में हुआ है। इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने खुद इसकी पुष्टि की थी। ऐसे में यह जानकारी पुख्ता होने के कारण एसपी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए ताकि फिर कोई भी जीआरपी कर्मचारी इस प्रकार की हरकत न कर सके।