अंबाला सिटी। सैनिक विहार में बाइक सवार दो बदमाशों ने दूध लेकर अपने घर जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। जाते हुए बदमाश उसे धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इंद्रा कॉलोनी जंडली निवासी गीता ने बताया कि वह दूध लेने के लिए गांव कौलां गई थी। वह दूध लेकर सैनिक विहार से होते हुए इंद्रा कॉलोनी जा रही थी। शाम छह बजे सैनिक विहार कॉलोनी की गली में दो युवक बाइक पर बैठे थे। दोनों ने उसके पास आते ही गले से सोने की चेन पर झपटा मारा। जब वह अपना बचाव करने लगी तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसको चोट मारी और वह नीचे गिर गई। पीड़िता ने बताया कि चेन के अंदर डला लोकेट नीचे जमीन पर गिर गया। दोनों स्नैचर बाइक पर गांव कौला के गुरुद्वारा की तरफ फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि पीछे बैठे युवक ने सिर पर टोपी पहनी हुई थी और मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था। बाइक चला रहे युवक ने सिर पर हेलमेट पहना हुआ था।