मुलाना/अंबाला। न्यूजीलैंड के वेलिंगटन शहर में हुए सड़क हादसे में कस्बे के रहने वाले 23 वर्षीय वाशु पराशर की मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर न्यूजीलैंड में रह रहे वाशु के पिता रविंदर और माता शिखा का रो-रोकर बुरा हाल है। वाशु पराशर राष्ट्रपति अवार्डी व रामाक्लब के प्रधान रहे मास्टर सुशील शर्मा के पौत्र थे।
स्थानीय निवासी जय भगवान शर्मा के बताया कि उनका भतीजा रविंदर 2007 से ही परिवार के साथ न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में रहकर कार्य करता है। वाशु ने हाल ही में न्यूजीलैंड में ही एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। 25 मार्च को वाशु अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर आ रहा था। जहां एक वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर एक भवन से जा टकराई। हादसे में वाशु की मौत हो गई। वाशु पराशर का अंतिम संस्कार न्यूजीलैंड में ही किया जाएगा। मुलाना में रह रहे परिजन वाशु की मौत की खबर सुनकर काफी दुखी हैं।