सिटी के रेलवे रोड स्थित खालसा स्कूल के साथ लगती विवादित भूमि पर निर्माण को लेकर एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिती उत्पन्न हो गई।
मामला उस समय गरमा गया जब पिहोवा के एक गुट ने अपने साथियों सहित विवादित भूमि पर निर्माण कार्य करने पहुंचे और स्कूल पक्ष के वकील एसएस वालिया ने निर्माण पर विरोध जताते हुए उसे रोकने का प्रयास किया।
वालिया ने आरोप लगाया कि भूमि पर निर्माण करने वालों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उनकी पगड़ी उतार दी उनके कपड़े फाड़ दिए तथा धारण किया हुआ गात्रा भी तोड़ दिया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को भी शिकायत दी है।
मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसीपी सुभाष और एसीपी कर्ण गोयल ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को एसडीएम कार्यालय में विवाद का हल निकालने के लिए बुलाया।
एसडीएम अजय सिंह तोमर की अध्यक्षता में काफी देर तक चली दोनों पक्षों की बैठक में एसडीएम अजय सिंह तोमर ने फिलहाल निर्माण कार्य को रोकते हुए दोनों पक्षों को अपने-अपने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए अपना पक्ष रखने के लिए एक दिन का समय दिया है। शनिवार को दोनों पक्ष अपने दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे और अपना पक्ष रखेंगे।
ये है विवाद
गौरतलब है कि संयुक्त पंजाब के समय में सिख समुदाय की खालसा मेन दुआबा सोसायटी के कुछ सदस्यों ने अंबाला में स्कूल की स्थापना करने के उदेश्य से अपने ही कुछ सदस्यों के नाम भूमि खरीदी थी। यह जमीन स्कूल व सोसाइटी के प्रबंधक एडवोकेट गुरबक्श सिंह के नाम से खरीदी गई थी।
बताया जाता है कि 1913 में स्कूल की स्थापना के समय स्कूल की कुल भूमि 48 कनाल से अधिक थी। बताया जाता है कि उस समय स्कूल कि सोसायटी के नाम से जमीन खरीदी नहीं जा सकती थी। नया कानून बनने के बाद कुछ भूमि तो स्कूल के नाम तबदील कर दी गई लेकिन बहुत सी भूमि को एडवोकेट गुरुबक्श सिंह के वारिसों व अन्य लोगों ने दूसरे लोगों को बेच दिया था।
स्कूल प्रबंधन से जुड़े वकीलों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और आठ कनाल से अधिक भूमि का केस जीत लिया। सिख समुदाय के लोगों के विरोध के चलते पहले के खरीदारों ने भूमि आगे दूसरे लोगों को बेच दी। इसी भूमि को पिहोवा की एक अन्य पार्टी ने खरीद लिया।
शुक्रवार को जब विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू किया गया तो यह देखकर स्कूल पक्ष के वकील सुरजीत सिंह वालिया निर्माण कार्य रोकने के लिए अदालत की कारवाई का हवाला देते हुए मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
---
खालसा स्कूल के साथ लगती जमीन पर काफी लंबे समय से विवाद चल रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों को अपने-अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
-अजय सिंह तोमर, एसडीएम अंबाला-