नारायणगढ़। ब्लैक आउट के दौरान नारायणगढ़ के सरकारी कॉलेज रोड पर दो स्कॉर्पियो कार में शनिवार रात को झगड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरी कार सवार मानकपुर निवासी वितेश कुमार पर गोली चला दी। यह गोली उस के कंधे पर लगी तो हमलावर मौके से फरार हो गए।
खून से लथपथ वितेश को नारायणगढ़ के नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। जहां ऑपरेशन कर कंधे से गोली निकाली। नारायणगढ़ पुलिस ने स्कार्पियो मालिक सहित अन्य पर ऑर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी नारायणगढ़ निवासी राजीव को गिरफ्तार कर लिया।
कॉलेज का छात्र है घायल वितेश
घायल वितेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सरकारी पीजी कॉलेज नारायणगढ़ का छात्र है। 10 मई की रात नाै बजकर 30 मिनट पर वह दोस्त खुशविंद्र और अनिल कुमार के साथ स्कॉर्पियो कार में सवार होकर कॉलेज रोड पर जा रहा था। जैसे ही वे मोंटी समोसे वाली की दुकान के पास पहुंचे तो कुलड़पुर गांव की तरफ से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कार का शीशा क्षतिग्रस्त होने के बाद नीचे उतरकर आए युवकों ने बहस शुरू कर दी। अभी तीन युवकों से झगड़ा हो ही रहा था कि एक अन्य कार आए युवक ने पिस्तौल निकालकर फायर कर दिया।
गोली चलने का है ये पांचवां मामला
नारायणगढ़ में यह पिछले तीन माह में गोली चलने का यह पांचवां मामला है। के निकट कालाआम्ब रोड पर शनिवार दोपहर में सीआईए-1 की टीम ने मुठभेड़ के दौरान शूटर अंकुश को पैर पर गोली मारकर गिरफ्तार किया था। अभी उसकी चर्चा ही चल रही थी कि रात को एक बार फिर गोलीकांड हो गया।
वर्जन
गोलीकांड मामले में एक आरोपी राजीव को काबू कर लिया गया है। रविवार कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी काबू कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर ललित, थाना प्रभारी नारायणगढ़