पुरानी शराब की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नरेंद्र उर्फ विक्की ठेकेदार निवासी रेलवे रोड शहर और गौरव निवासी छावनी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू किया। पुलिस ने बताया कि बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार सात जनवरी को एंटी नारकोटिक सेल अंबाला पुलिस दल को सूचना मिली थी कि नानकपुरा कॉलोनी कुलदीप नगर में लंबे समय से बंद पड़े गोदाम से चोरी-छिपे शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग अंबाला के अधिकारियों सहित छापामारी की। इस दौरान पुलिस को गोदाम से भारी मात्रा में अलग-अलग मार्का की 1440 बोतल शराब बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि शराब की बोतलों पर 1998 बैच का लेबल लगा हुआ पाया गया। इस गोदाम से चोर रास्ते से शराब की तस्करी की जा रही थी। अधिक पुरानी होने के कारण शराब का प्रयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए घातक हो सकती थी।