अंबाला। प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने तोपखाना परेड में क्षेत्रवासियों की मांग पर इलाके में ट्यूबवेल लगाने हेतु 20 लाख रुपये जारी करने के निर्देश दिए। यह राशि कैंटोनमेंट बोर्ड को जारी की जाएगी जोकि आगामी दिनों में तोपखाना परेड में ट्यूबवेल लगाएगी। इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी।
दरअसल, बृहस्पतिवार को गृहमंत्री विज तोपखाना परेड में पूर्व पार्षद ललित कुमार व पूर्व पार्षद लक्ष्मी देवी के निवास पर पहुंचे थे। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पेयजल आपूर्ति को और बेहतर बनाने की मांग की। इस पर मंत्री विज ने क्षेत्र में ट्यूबवेल लगाने के लिए 20 लाख रुपये जारी करने की घोषणा की। विज ने ट्यूबवेल लगाने के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ से मौके पर ही फोन पर बात की।
बीस लाख में डाली गई थी पाइपलाइन
तोपखाना परेड में पानी की समस्या को हल करने के लिए गृहमंत्री अनिल विज द्वारा पहले ही पानी की पाइपलाइन डलवाई जा चुकी है। इस कार्य के लिए विज ने 20 लाख रुपये की राशि कैंटोनमेंट बोर्ड को जारी की थी। बोर्ड द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य तोपखाना परेड में पूरा कर लिया गया है।