अंबाला। अंबाला- जगाधरी स्थित मंगलई मोड पर वीरवार दोपहर को एक ट्रक ने दोस्त की शादी में जा रहे बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक के पीछे बैठे 17 वर्षीय करनजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें छावनी के नागरिक अस्पताल से भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रेफर किया था लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। चालक रमनदीप भी मामूली रूप से चोटिल हो गया था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
महेश नगर थाना पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा। मृतक के पिता रविंद्र ने बताया कि वह ऑटो चालक है। उसके पास दो ही बेटे थे। करनजीत ने दसवीं करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। जबकि रमनदीप कॉलेज में पढ़ाई करता है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि दोनों भाई बाइक पर अपने दोस्त की शादी समारोह में शामिल होने के लिए साहा के पास जा रहे थे।