अंबाला। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने सोमवार शोकसभा का आयोजन किया। यह शोकसभा फरीदाबाद की कालकाजी स्टील कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड में शहीद हुए दमकलकर्मियों की स्मृति में की गई। इस दौरान अग्निशमन विभाग के भविचंद शर्मा, रणबीर और पुलिसकर्मी रवि कुमार सहित अन्य मजदूरों की शहादत पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया।
यूनियन के राज्य नेता रणदीप सिंह और सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव विकास वर्मा ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि कर्तव्यों का पालन करते हुए जान गंवाने वाले इन वीरों को शहीद का दर्जा दिया जाए। उन्होंने आश्रितों को 1-1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नियमित सरकारी नौकरी देने की मांग की। नेताओं ने रोष जताते हुए कहा कि जान जोखिम में डालने वाले फायर कर्मचारियों के पास न तो पर्याप्त बीमा कवर है और न ही आधुनिक सुरक्षा उपकरण।
8 अप्रैल से प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, जोखिम भत्ता देने और समान कार्य-समान वेतन जैसी मांगें नहीं मानी गईं, तो 8 व 9 अप्रैल 2026 को राज्य स्तरीय काम बंद हड़ताल की जाएगी। शोक सभा में सेवा राम बोहत, वीरपाल और पपिन्द्र कुमार सहित भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।