अंबाला। तूड़ी भरकर सहारनपुर जा रहा ट्रैक्टर-ट्राली डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में ट्राली पर बैठे युवक की नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना बलदेव नगर पुलिस को दी शिकायत में अंकित कुमार ने बताया कि वह गांव बुड़ा खेड़ा जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश का निवासी है। वह अपने भाई सतीश कुमार के साथ तूड़ी खरीदने-बेचने का काम करता है। उसके भाई सतीश ने गांव निजामपुर घेल अंबाला में तूड़ी के कूप खरीदे हुए हैं। उसके भाई ने अपने ट्रैक्टर पर ड्राइवर रखा हुआ है।
25 जनवरी को वह, मनीष उर्फ मोनू, अर्जुन, रवि, रवि कुमार तूड़ी लेने के लिए अंबाला आए थे। वह ट्राली लोड करने के बाद शाम को चार बजे गांव निजामपुर घेल से सहारनपुर के लिए चले थे। ट्रैक्टर को रवि कुमार चला रहा था। वह ड्राइवर के साथ ट्रैक्टर पर और मनीष ट्राली पर बैठा था। अर्जुन, रवि प्राईवेट गाड़ी से सहारनपुर चले गए थे। ड्राइवर रवि कुमार ट्रैक्टर को तेज रफ्तार से चला रहा था। वे गुरुद्वारा मंजी साहिब के सामने ओवरब्रीज पर चढ़ने लगे तो स्पीड ज्यादा होने के कारण ट्रैक्टर डिवाइडर से टकरा गया। इस कारण तूड़ी की ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान ट्राली पर बैठा मनीष उर्फ मोनू ट्राली के नीचे दब गया। राहगीरों की मदद से उसे ट्राली के नीचे से निकाल कर सिविल अस्पताल अंबाला शहर लेकर गए, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।