शादी कर पत्नी के साथ स्टूडेंट वीजा पर पति ऑस्ट्रेलिया पहुंचा। दोनों की वर्ष 2010 में शादी हुई थी। ऑस्ट्रेलिया में ही दोनों ने एक बेटे को जन्म दिया। सब कुछ ठीकठाक चल रहा था, लेकिन इस बीच दोनों में अनबन शुरू हो गई और पत्नी अपने पति के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया पुलिस के पास पहुंच गई और शारीरिक उत्पीड़न का केस दर्ज करवा दिया। इससे पहले कि ऑस्ट्रेलिया पुलिस कोई कार्रवाई करती कुलविंद्र सिंह वहां से फरार होकर अपने दो वर्ष के बेटे को लेकर भारत पहुंच गया। जैसे ही पत्नी गुरविंद्र कौर को इसका पता चला तो वह भी उसके पीछे-पीछे भारत आ पहुंची, लेकिन यहां भी पति उसके हाथ नहीं आया और बेटे को लेकर फिर ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया। अब अंबाला पुलिस ने गुरविंद्र कौर की शिकायत पर पति कुलविंद्र सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट व विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को दी गई शिकायत में पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति कुलविंद्र सिंह व उसके परिजन जान-बूझकर उसके बेटे तेजबीर को उसके हवाले नहीं कर रहे।
स्टूडेंट वीजा लेने के लिए गुरविंद्र कौर से रची थी शादी
ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन में रहने वाली गुरविंद्र कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 16 दिसंबर 2010 को रछेड़ी गांव के कुलविंद्र सिंह से हुई थी। दरअसल कुलविंद्र ने स्टूडेंट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए गुरविंद्र से शादी रचाई थी। गुरविंद्र उससे ज्यादा शिक्षित थी इसलिए वीजा आसानी से मिल गया। गुरविंद्र का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही कुलविंद्र सिंह, ससुर केसर सिंह सास गुरमीत कौर, देवर परगट सिंह व देवरानी अंकिता सैनी ने दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। गुरविंद्र का आरोप है कि उसे कई बार बेरहमी से पीटा गया। साथ ही शादी के बाद आरोपियों ने पंद्रह लाख रुपये की डिमांड की। पीड़िता ने बताया कि उसके परिवार ने यह डिमांड पूरी भी कर दी लेकिन इसके बावजूद वे उसे मानसिक व शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करते रहे। ऑस्ट्रेलिया में भी उसे पर यही जुल्म होता रहा।
एनआरआई महिला ने अपनी पति व ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। साथ ही दहेज की डिमांड को लेकर मारपीट की भी बात ही है। उसकी शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। अभी जांच चल रही है। महिला का पति भी ऑस्ट्रेलिया का सिटीजन है। पता लगाया जाएगा कि अभी आरोपी कहां है। फिर उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-- सतीश कुमार, एसएचओ, महेशनगर