बराड़ा। थाना क्षेत्र में अपने सैलर जा रहे एक युवक के साथ तीन लोगों ने मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने पीड़ित की गर्दन और निजी अंगों पर चोटें मारीं। पुलिस ने शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में लक्कड़ मंडी निवासी महिंद्र कुमार ने बताया कि 21 जून को वह अपने भाई अनमोल के साथ हुई हाथापाई की सूचना मिलने पर अपने सैलर कृष्णा पैलेस के पीछे जा रहा था। पीड़ित का आरोप है कि रास्ते में गुलशन कुमार उर्फ गांधी ने उसे रोका और मौके पर जाने से मना किया। इसके बाद जब वह वहां पहुंचा, तो शुभम, गुलशन और दर्शन लाल उर्फ बीटा ने उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसे लात-घूंसों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने उसे गर्दन से पकड़कर गिरा दिया और उसके निजी अंगों पर चोटें पहुंचाईं। हमले के बाद पीड़ित को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी मेडिकल जांच की।