अंबाला सिटी। मिशन बुनियाद की लेवल टू जिला स्तरीय परीक्षा का आयोजन 28 जनवरी को किया जाएगा। इस परीक्षा में 1074 विद्यार्थी बैठेंगे। परीक्षा के आयोजन के लिए जिला शिक्षा विभाग ने तीन केंद्र बनाए हैं। इन केंद्र में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल बराड़ा, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारायणगढ़, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन अंबाला शहर शामिल हैं।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि परीक्षा के आयोजन के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्र पर 28 जनवरी को लेवल वन में उत्तीर्ण होने वाले 1074 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसमें उत्तीर्ण विद्यार्थी ओरिएंटेशन कार्यक्रम और लेवल थ्री परीक्षा देंगे। इसके उपरांत मिशन बुनियाद का नया बैच शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए एक घंटा पहले सुबह 10.30 बजे अपना स्थान ग्रहण करना होगा। यदि कोई विद्यार्थी परीक्षा केंद्र में देरी से पहुंचता है तो उसे अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। परीक्षा सुबह 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक करवाई जाएगी। विद्यार्थियों को अपने साथ लेवल टू का एडमिट कार्ड, आधार कार्ड की कॉपी, दो पेन, पानी की बोतल व पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आनी होगी।