शहजादपुर। ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त दुकानदार के गल्ले से शातिर चोर 40 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया। हालांकि चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायत में पतरेहड़ी गांव निवासी संत राम ने बताया कि वह सैनी स्वीट हाउस के नाम से पुराना बस स्टैंड शहजादपुर में हलवाई की दुकान चलाता है। बुधवार को दोपहर तीन बजे के करीब जब वह दुकान पर काम में व्यस्त था तो अज्ञात चोर दुकान के गल्ले से लगभग 40 हजार रुपये चुराकर फरार हो गया। जब फुटेज देखी गई तो उक्त चोर कैमरे में रुपये निकालता दिखाई दिया। हैरानी की बात यह रही कि दुकान के काउंटर पर लगे दराज के पास एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठा दिखाई दे रहा है और तीन व्यक्ति पास ही खड़े हैं। थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और जल्द ही चोर को काबू कर लिया जाएगा।