अंबाला। बिजली कट से लोगों को अब राहत मिलेगी। बिजली निगम ने इस योजना के तहत बिजली कट लगने वाले क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी की है।
इसकी शुरुआत सदर क्षेत्र सहित अन्य जगह पर कर दी गई है। बिजली निगम से प्राप्त जानकारी अनुसार तीन नए ट्रांसफार्मरों को इनकम टैक्स कार्यालय के पास, दूसरा जीपीओ के पास और तीसरा ट्रांसफार्मर वालिया मोटर के पास लगाया गया है ताकि इन क्षेत्रों के बिजली लोड को बराबर बांटा जा सके और किसी एक ट्रांसफार्मर पर लोड नर पड़े।
एकता विहार में भी लगेंगे ट्रासंफार्मर
अंबाला छावनी के एकता विहार में भी लगातार आबादी बढ़ती जा रही है। पहले यहां की आबादी 30 से 35 हजार के बीच थी, लेकिन अब यहां की आबादी 50 हजार तक पहुंच चुकी है। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या भी बढ़ गई है, लेकिन पुराने ट्रांसफार्मरों से दी जा रही सप्लाई के कारण यहां रोजाना लंबे-लंबे बिजली कट लग रहे थे और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसलिए अब एकता विहार चौक के नजदीक दो नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया भी जल्द शुरु हो जाएगी। इसके अलावा अन्य लोड वाले क्षेत्रों को भी आंकलन किया जा रहा है ताकि यहां भी नए ट्रांसफार्मर लगाए जा सकें।
टेढ़े खंभे और ढीली तारों पर कार्रवाई
बिजली निगम क्वालिटी सब स्टेशन के उपमंडल अधिकारी आशीष चोपड़ा ने बताया कि बिजली निगम ने अंबाला छावनी के टेढ़े खंभों को सीधा करने का कार्य आरंभ कर दिया है। सदर क्षेत्र में लगभग ऐसे नौ खंभे सीधे कर दिए गए हैं। इसके अलावा ढीली बिजली की तारों को भी कसने का काम चल रहा है।
- फ्यूज उड़ने के कारण बाधित होने वाली बिजली की सप्लाई पर भी लगेगी लगाम
- हादसे से बचाने के लिए ढीले तारों और झुके खंभों को भी दुरुस्त करने का किया जा रहा काम