अंबाला सिटी। मई के साथ ही तेज हवा भी चलनी शुरू हो गई है। आगामी दिनों में जहां गर्मी अपना सितम दिखाएगी, वहीं आंधी-तूफान और बारिश के कारण ट्रांसफार्मर भी खराब होंगे। कई जगहों पर गर्मी में ट्रांसफार्मर में आग भी लग जाती है।
ऐसी समस्या से निपटने के लिए निगम ने अंबाला सर्कल में नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता भी बढ़ाई है। अब बिजली निगम ने मोबाइल ट्रांसफार्मर ट्राॅली और बैंक में ट्रांसफार्मर की संख्या बढ़ानी शुरू कर दी है। इसके लिए बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता ने सभी कार्यकारी अभियंता और उप मंडल अधिकारी को निर्देश दिए हैं। अंबाला सर्कल में 3 लाख 85 हजार से ज्यादा बिजली उपभोक्ता है। इन उपभोक्ता को निगम राहत देगा।
बिजली जाने पर तुरंत मिलेगी राहत
दरअसल, शहर में अगर गर्मी या आंधी-तूफान आने और बारिश होने की स्थिति में बिजली गुल होती है तो निगम की ओर से मोबाइल ट्रांसफार्मर ट्रॉली वहां पर तुरंत राहत देने के लिए लगाई जाती है। इस मोबाइल ट्राॅली में एक ट्रांसफार्मर लगा होता है। इसे आसानी से एक से दूसरी जगह लेकर जाया जा सकता है।
ऐसे ही बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर का बैंक भी बनाया है। अगर किसी जगह पर ट्रांसफार्मर खराब होने संबंधित दिक्कत आती है तो वहां पर बैंक से ट्रांसफार्मर उठाकर लगा सकते हैं। साथ ही शहर में 400 केवीए के बड़े ट्रांसफार्मर की भी व्यवस्था की गई है। पहले इनकी संख्या कम थी। इसी तरह निगम 25, 63, 100 और 200 केवीए के ट्रांसफार्मर की संख्या बढ़ाएगा। वहीं, अंबाला सर्कल की बात करें तो सर्कल में 25 हजार ट्रांसफार्मर हैं। एक उपमंडल में करीब 2 हजार ट्रांसफार्मर हैं। इनकी संख्या के हिसाब से यह ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे।
उपमंडल स्तर पर रखे जाएंगे ट्रांसफार्मर
अभी बिजली निगम के पास मोबाइल ट्रांसफार्मर ट्रॉली की संख्या 23 और बैंक में 64 ट्रांसफार्मर हैं। निगम मोबाइल ट्रॉली में 15 नई ट्रॉली शामिल करेगा, जबकि बैंक में भी 64 की जगह 105 ट्रांसफार्मर हो जाएंगे। इन ट्रांसफार्मर को उपमंडल स्तर पर रखा जाएगा। आपात परिस्थितियों के हिसाब से इन ट्रांसफार्मर को बिजली कर्मचारी मौके पर जाकर लगाएंगे और लोगों को राहत देंगे। इससे घंटों तक बिजली गुल नहीं होगी।
वर्जन
उपमंडल स्तर पर मोबाइल ट्रांसफार्मर-ट्रॉली और बैंक में ट्रांसफार्मर की संख्या बढ़ाई जा रही है। इससे आपात स्थिति में लोगों को तुरंत राहत दी जा सकेगी।
वीके गोयल, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम अंबाला सर्कल।