अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड की दुकानों को किराए पर लेने वाले कारोबारियों की जेब ढीली होगी। बोर्ड ने अलग-अलग क्षेत्र में निर्मित 12 दुकानों को पांच साल के लिए किराए पर देने का खाका तैयार किया है, लेकिन इस बार बोली की रकम सात की जगह 12 हजार रुपये निर्धारित की गई है, यानी दुकानों की बोली 12 हजार रुपये से शुरू होगी। इससे बोर्ड को तो राजस्व की प्राप्ति होगी, वहीं कारोबारियों पर इसका अतिरिक्त भार पड़ेगा।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
बोर्ड ने दुकानों को लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को शुरू किया है, इसके अलावा कार्यालय आकर भी कारोबारी जानकारी जुटा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने वाले को सिक्योरिटी राशि भी जमा करवानी होगी जोकि बोली के बाद वापस कर दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित व्यक्ति को अपनी फर्म से जुड़ी सभी जानकारी देनी होगी कि वह क्या काम करता है और बोर्ड की दुकान पर क्या काम करेगा।
इन दुकानों की होगी बोली
कैंटोनमेंट बोर्ड के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों की बोली की जाएगी। इसमें भगत सिंह मार्केट में बनी दुकान नंबर 7,15,24 व 25 शामिल है। इसके अलावा रसाला बाजार में दुकान नंबर सात, इंस्पेक्शन बंगलो के नजदीक दुकान नंबर 2,16,22, 23 व 24, शास्त्री पार्क के नजदीक एक व दो और आरएच ए बाजार में दुकान नंबर 11 को शामिल किया गया है।
पटेल पार्क के कैफे हाउस की बोली
कैंटोनमेंट बोर्ड ने पटेल पार्क के कैफे हाउस की बोली से संबंधित निविदा भी जारी की है। इसकी बोली में भी बढ़ोतरी की गई है, पहले जहां कैफे हाउस की बोली 15 हजार से आरंभ होती थी, वहीं इसका आरक्षित रेट 20 हजार रुपये रखा गया है यानी 20 हजार रुपये से कैफे हाउस की बोली शुरु होगी। यह कैफे हाउस पटेल पार्क के मुख्य गेट के नजदीक ही बना हुआ है।
राजस्व प्राप्ति के लिए बोली के रेटों में नियमानुसार बदलाव किया गया है। रेट बढ़ाने से पहले आकलन किया जाता है। 12 दुकानों सहित पटेल पार्क के कैफे हाउस की बोली लगाई जाएगी। इसकी निविदा जारी कर दी है। दिसंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
- राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंट बोर्ड अंबाला।