संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी/बराड़ा। धान खरीद के लिए विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। शनिवार को लोकसभा सांसद वरुण चौधरी अंबाला सिटी और बराड़ा की अनाज मंडी में गए। यहां किसानों से बात कर उनकी समस्याएं जानी, इसके बाद उन्होंने धान में नमी की स्थिति और उपयोग की जा रही मशीनाें की जानकारी दी। इस दौरान बराड़ा के किसानों ने बताया कि अनाज मंडी में धान पंजीकरण सत्यापन की धीमी गति के कारण गेट पास जारी नहीं हो पा रहे हैं। वहीं अंबाला सिटी में सांसद ने कहा कि धान खरीद में कई कमियां हैं। पहले खरीद नहीं हो रही थी, जब खरीद शुरू हुई तो पोर्टल पर फसल का सत्यापन धीमा है। सरकार के निर्देशानुसार धान के ट्रकों में जीपीएस लगना था यह कार्य भी अभी तक पूरा नहीं हो सका है। नमी को लेकर भी दिक्कत आ रही है।
सरकार ने 3100 का वादा किया 2400 पर रेट
बराड़ा में किसानों को अपनी उपज बेचने में कठिनाई झेलनी पड़ रही है। कई दिनों से मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरा धान खड़ा है, लेकिन खरीदी की प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है। इस दौरान सांसद वरुण चौधरी ने बराड़ा मंडी का दौरा किया और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार ने 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद का आश्वासन दिया था, जबकि हकीकत यह है कि कई किसानों को 2,400 रुपये तक भी नहीं मिल पा रहे। सांसद का कहना था कि सरकार को वादे के अनुसार खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए।
किसानों का एक एकड़ का भी सत्यापन अधूरा
बराड़ा मंडी परिसर में मौजूद किसान अमर सिंह टंगैल, सरदूल सिंह सारण, जगीर सिंह खान अहमदपुर, नरेश और जसबीर थंबड़ आदि ने बताया कि समय पर पंजीकरण कराने के बावजूद सत्यापन अधूरा है। कुछ किसानों का 8 से 10 एकड़ का पंजीकरण दर्ज हुआ है, पर केवल एक-दो एकड़ का ही सत्यापन हो पाया। कई किसानों का तो एक एकड़ का भी सत्यापन लंबित है। मंडी सचिव राहुल मेव का कहना है कि मार्केट कमेटी के स्तर पर सभी तैयारी पूरी हैं और जिन किसानों के पास जारी हो चुके हैं, उनकी फसल खरीद की जा रही है।