संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अटल कैंसर केयर केंद्र में गंभीर मरीजों के लिए जीवनदान साबित होने वाले आईसीयू को ट्रेंड स्टाफ की कमी खल रही है। 10 बेड के आईसीयू को आपातकालीन स्थिति में ही चलाया जा रहा है। स्थिति यह है कि इस आईसीयू वार्ड में दिनभर ताला लगा रहता है।
अस्पताल प्रबंधन का तर्क है कि आईसीयू के लिए नर्सिंग ऑफिसर सहित ऑपरेटर व बेहोशी के डॉक्टर की कमी चल रही है। जबकि मुख्यालय स्तर से एक बार फिर आईसीयू की स्टेट्स रिपोर्ट मांगी है। ऐसे में एक बार फिर मुख्यालय से आईसीयू स्टाफ की डिमांड को लेकर पत्राचार शुरू हो गया है। बता दें कि अटल कैंसर केयर केंद्र में हरियाणा के अलावा दूसरे राज्यों से भी कैंसर के मरीज पहुंच रहे हैं।
घट रहे ऑपरेशन : अटल कैंसर केयर केंद्र में केवल एक ही बेहोशी के डॉक्टर है। जबकि छह स्पेशलिस्ट डॉक्टर है। ऐसे में एक बेहोशी के डॉक्टर के सहारे काम चलाया जा रहा है। पहले दो डॉक्टर थे लेकिन गत दिवस अनुबंध खत्म होने के बाद बेहोशी की एक महिला डॉक्टर छोड़कर चली गई थी, तभी से ऑपरेशनों की संख्या कम हो गई है। उधर, मानसिक रोग निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने 26 जुलाई को निरीक्षण के दौरान आईसीयू पर ताला लटका मिलने के कारण अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई थी। बावजूद अभी तक इसे पूरी तरह चलाया नहीं जा सका।