अंबाला सिटी। बसपा के प्रदेश सचिव और अधिवक्ता हरबिलास हत्याकांड में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समप्रीत कौर की अदालत ने मनीष मित्तल उर्फ चीकू और उसके कई साथियों के खिलाफ हत्या, साजिश और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय कर दिए हैं।
अदालत ने पुलिस रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला सही पाया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 फरवरी 2026 को होगी, जिसमें अभियोजन पक्ष के गवाहों को पेश होने के लिए समन जारी किए गए हैं।
इन धाराओं में तय हुए आरोप : अदालत ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1), 109, 191(3), 190, 111(3), 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 29 के तहत आरोप तय किए हैं। जब अदालत ने आरोपियों से इन आरोपों के बारे में पूछा, तो उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए ट्रायल (मुकदमे) की मांग की। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील और शिकायतकर्ता के वकील ने दलीलें पेश कीं। दूसरी ओर, मनीष मित्तल की पैरवी एक अन्य अधिवक्ता ने की। अन्य आरोपियों की ओर से भी अधिवक्ता उपस्थित रहे। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने और अगली तारीख पर फिर से पेश करने के आदेश दिए हैं।