संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। चोरों ने मंगलवार की पाक जमकर कोहराम मचाया। एक ही रात में पांच दुकानों के ताले तोड़कर हजारों के मोबाइल, नकदी, इलेक्ट्रानिक व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। थाना कोतवाली पुलिस ने शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
चोरी की घटनाएं कोर्ट रोड, पीली कोठी और मोतीनगर में हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज, सीआईए और साइबर टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच की। हीरा नगर के दीपक ने पुलिस को बताया कि उसकी हरे कृष्णा के नाम से कोर्ट रोड पर मोबाइल की दुकान है। रोजाना की तरह मंगलवार की रात 9 बजे दुकान को ताला लगाकर घर चला गया था। बुधवार की सुबह सवा छह बजे पड़ोसी दुकानदार मंजीन ने फोन पर बताया कि दुकान के ताले टूटे हैं। वह तत्काल मौके पर पहुंचा तो देखा कि आसपास की कई और दुकानों को भी निशाना बनाया गया है। उसने उन दुकानदारों को वारदात के बारे मेंजानकारी दी। उसकी दुकान से सात मोबाइल फोन, इलेक्ट्रानिक का सामान और करीब 40 हजार रुपये गायब मिले।
वहीं तरसेम लाल की कैसेट की दुकान से रिपेयर के लिए आई एलइडी, महेंद्र नगर के दिनेश कुमार की पीली कोठी के पास स्थित कीरत कम्युनिकेशन से चार मोबाइल फोन, कीपैड, 5000 रुपये, यहीं पर स्थित लोहसिंबली के कमल कुमार की साईं स्वीट के गल्ले का ताला तोड़कर 10 हजार के अलावा पटियाला के धन्नौर वासी संदीप कुमार की कोर्ट रोड पर बने सैलून की छत से एसी का आउट डोर भी चोरी हुआ है। कोतवाली थाना प्रभारी रामकुमार के अनुसार घटनाओं की तफ्तीश जारी है। आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।