अंबाला। सैन्य क्षेत्र के सबसे संवेदनशील कहे जाने वाली पटेल पार्क के निकट आरएस एनक्लेव में चोरों ने एक साथ पांच अधिकारियों के घरों के ताले चटकाकर सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। चोरों ने मेजर, लेफ्टिनेंट कर्नल के क्वार्टरों को निशाना बनाया।
इनमें से अधिकतर सैन्य अधिकारी छुट्टियों पर गए थे। 20 जून को लौटने पर एक अधिकारी ने अपने क्वार्टर के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा तो दंग रह गए। इसकी सूचना सेना पुलिस को दी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि चोर ने पास के ही चार अन्य अधिकारियों के कमरों को भी निशाना बनाया है।
सेना पुलिस से सूचना मिलने के बाद तोपखाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और बीएनएस की धारा 305 चोरी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तोपखाना पुलिस ने एक मेजर की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। फिलहाल 40 हजार रुपये की चोरी की बात सामने आई है। अन्य अधिकारियों के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि आखिर क्या-क्या चोरी हुआ।
सीसीटीवी में कैद हुआ एक चोर
शिकायतकर्ता की तरफ से बताया है कि चोरों ने क्वार्टरों के ताले और कुंडी तक को तोड़ दिया है। सेना पुलिस की तरफ से इलाके में लगे एक सीसीटीवी को खंगाला गया तो उसमें एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। हालांकि सेना और इलाका पुलिस दोनों अपने स्तर पर जांच एजेंसियों संग जांच में जुट गई है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
सैन्य क्षेत्र में जिस आरएस एन्क्लेव में चोरी हुई है, वहां पर अधिकतर मेजर व लेफ्टिनेंट कर्नल सहित अन्य अधिकारियों के क्वार्टर है। सुरक्षा बंदोबस्त पर नजर मारें तो मुख्य गेट पर 24 घंटे जवानों का पहरा रहता है। यहां तक कि दीवारों पर कंटीली तारें सहित सीसीटीवी से नजर रखी हुई है। बावजूद पांच क्वार्टरों में चोरी होना अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है। इसको लेकर सेना की इंटेलीजेंस सहित सुरक्षा एजेंसियों चोर के सुराग में जुट गई है। यहां तक कि आलाधिकारियों द्वारा यह भी देखा जा रहा है कि आखिर यह चूक किस स्तर पर हुई है।
एयरफोर्स के विंग कमांडर के घर हुई थी चोरी
रेजिमेंट चौकी क्षेत्र स्थित माल रोड के निकट विगत माह ही एयरफोर्स के विंग कमांडर के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। हालांकि यह वारदात पुलिस ने सुलझा ली थी। सेना क्षेत्र में पुलिस के साथ-साथ जवानों के कड़े पहरे के बावजूद इस तरह की चोरियां होना अचंभित कर देने वाला है।
भीतर के व्यक्ति पर भी शक की सूई
सैन्य क्षेत्र में केवल क्वार्टरों के बाहर ही नहीं बल्कि मुख्य मार्ग पर भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त हैं। सीसीटीवी के अलावा सेना के जवान की भी गश्त रहती है। इस बीच सेना के बड़े अधिकारियों के क्वार्टरों में चोरी होना कहीं न कहीं भीतर के किसी व्यक्ति की संलिप्तता की ओर भी अंदेशा कर रही है। इलाका पुलिस के अलावा सेना पुलिस व एजेंसियां भी इस एंगल से जांच में जुटी हुई है।
वर्जन
सेना के अधिकारियों के क्वार्टरों में चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। प्राथमिक जांच में भीतर का ही कोई लग रहा है। मामले की हर एंगल से जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर अजायब सिंह, थाना प्रभारी अंबाला कैंट