अंबाला। रेलवे स्टेशन पर एसी वेटिंग हाॅल का दायरा बढ़ाया जाएगा। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या के चलते यह योजना तैयार की गई है। विभागीय अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को नक्शे सहित अन्य प्रक्रिया के निर्देश जारी किए हैं।
रेलवे स्टेशन पर रोजाना 300 से अधिक ट्रेनों का आवागमन हो रहा है। ऐसे में प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी 50 हजार के पार हो चुकी है। इसमें दो से तीन हजार के बीच एसी कोच में सफर करने वाले यात्री भी शामिल हैं। यह यात्री ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म 1 पर यूटीएस काउंटर के पीछे बने एसी वेटिंग हाॅल में रुकते हैं लेकिन वेेटिंग हाॅल का दायरा काफी छोटा है। यहां एक समय में 50 से अधिक यात्री नहीं आ सकते। ऐसे में अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में पहले भी शिकायतें रेलवे तक पहुंची थी।
निजी हाथों में सौंपने की तैयारी : एसी वेटिंग हाल का दायरा बढ़ाने के साथ ही इसे निजी हाथों में भी सौंपने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। एसी वेटिंग हाल के अंदर ही खानपान की सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है ताकि यात्री ट्रेन का इंतजार करते-करते खाने का भी लुत्फ उठा सकें। यह कार्य प्राइवेट एजेंसी से करवाया जाएगा ताकि यात्रियों को शुद्ध व पौष्टिक खानपान व साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।
द्वितीय वेटिंग हाल से हो सकता है समाधान : प्लेटफार्म 1 पर द्वितीय वेटिंग हाल बना हुआ है जोकि एसी वेटिंग हाल की कमी को पूरा कर सकता है। इस वेटिंग हाल का दायरा काफी बढ़ा है। यहां महिला व पुरुष शौचालय भी बने हुए हैं। इसके अलावा यहां यात्रियों के बैठने की काफी सुविधा है। यहां माताओं व छोटे बच्चों के लिए फीडिंग रूम भी बनाया गया है। मौजूदा समय में यहां बाहरी लोग ही बैठते और रात को सोते हैं।