संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। धन-धन श्री गुरु नानक देव महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार को छावनी के सभी गुरुद्वारा साहिबानों की ओर से भव्य साझी प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान शब्द-कीर्तन और बोले सो निहाल के जयकारों से समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
प्रभात फेरी में पंजाबी गुरुद्वारा साहिब, गुरुद्वारा कछतरी सत्संग, श्री सुखमणि साहिब सेवा सोसायटी और गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा (हरगोलाल रोड) सहित अन्य गुरुद्वारों से निकली संगत उत्साहपूर्वक शामिल हुई। सभी गुरुद्वारों की प्रभात फेरियां निर्धारित समय पर विजय रतन चौक पर एकत्रित हुईं। यहां से एक विशाल काफिले के रूप में शब्द-कीर्तन करती हुई यह प्रभात फेरी फारूका खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में पहुंची।
स्कूल प्रांगण में पहुंचने पर प्रिंसिपल केपी सिंह और समस्त स्टाफ ने प्रभात फेरी का स्वागत किया। इस दौरान गुरु घर की बख्शीश (सिरोपा) भेंट कर प्रमुख पदाधिकारियों व सेवादारों को सम्मानित किया गया। समापन पर सरबत के भले की अरदास की गई। इसके उपरांत संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
इस अवसर पर पंजाबी गुरुद्वारा के प्रधान कुलजीत सिंह बेदी, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व सदस्य बीएस बिंद्रा, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सर्बजीत सिंह जोहर, हरविंदर सिंह भोला, हरसिमरन सिंह, गुरुद्वारा कछतरी सत्संग के सचिव नवजिंदर सिंह, सहित श्रद्धालु उपस्थित रहे।