अंबाला सिटी। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350 वें शहीदी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शहीदी यात्रा (नगर कीर्तन) शनिवार को ऐतिहासिक गुरुद्वारा लखनौर साहिब से आरंभ हुई। इससे पहले सिख संगत व अन्य श्रद्धालुओं ने अरदास भी की। यात्रा शहरी व ग्रामीण श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रतीक बनी हुई है।
यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा की गई सेवा भावना के तहत लंगर सहित प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मंदीप राणा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसविंदर उगाड़ा, हरियाणा सिख गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारी सदस्य गुरतेज सिंह, सदस्य सुखदेव सिंह नन्यौला के साथ-साथ संगत ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।
विज्ञापन
अंबाला से कुरुक्षेत्र जाएंगे कार्यकर्ता : विज : अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने शनिवार शाम फारुखा खालसा स्कूल में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 25 नवंबर को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा, इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं और कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अंबाला छावनी से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु हिस्सा लेंगे।