अंबाला सिटी। सेक्टर-7 में पीर से अतिक्रमण हटाने की मांग पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को नगर निगम गेट पर प्रदर्शन किया। दल सदस्य अपने साथ ताला भी लेकर पहुंचे। जैसे ही दल सदस्य निगम आयुक्त कार्यालय की ओर बढ़े तो निगम संयुक्त आयुक्त पुनीत ने उनसे बातचीत की।
उन्होंने संगठन पदाधिकारी को बताया कि जिस जगह पर पीर बना है। इस जमीन का स्वामित्व एचएसवीपी का है और इसका रखरखाव नगर निगम की ओर से किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए एचएसवीपी ईओ को पत्र लिखा है। नगर निगम की ओर से उनके साथ तालमेल किया जा रहा है। जल्द ही अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई कराई जाएगी।
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के संगठन मंत्री महेंद्र शर्मा ने कहा कि पीर पर लोक निर्माण विभाग की ओर से नवंबर माह में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन वह कार्रवाई अधूरी की गई। इसके बाद उन्होंने नगर निगम आयुक्त को पीर से अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिसंबर तक का समय दिया था लेकिन नगर निगम की ओर से 10 दिसंबर तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अधिकारियों को अवमानना का नोटिस
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता संदीप सचदेवा ने बताया कि पीर से अतिक्रमण न हटाने को लेकर अधिकारियों को अदालत की अवमानना के नोटिस दिए जा चुके हैं। इनमें मुख्य सचिव, उपायुक्त, नगर निगम आयुक्त, एचएसवीपी ईओ अधिकारी शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी एचएसवीपी विभाग अधिकारियों पर डाल दी है। अगर अधिकारियों ने 15 दिन के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाया तो एचएसवीपी कार्यालय पर धरना देते हुए ताला लगाया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के जिला संगठन मंत्री महेंद्र शर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अब मामला हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय से संबंधित है, इसलिए कुछ ही दिनों में वह एस्टेट अधिकारी से मिलेंगे और उन्हें समय बाद तरीके से इस मामले पर कार्रवाई करने के लिए पत्र देंगे। साथ ही उन्हें 15 दिन का समय दिया जाएगा। 15 दिन में यदि कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो कोर्ट का सहारा लिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पांच सदस्यीय एक्शन कमेटी के बाकी सदस्य जिला संयोजक बजरंग दल यश प्रकाश, जिला सह मंत्री संजय बतरा, राकेश खन्ना, मोहित आहलुवालिया, धर्म वर्मा व अन्य मौजूद रहे।