नारायणगढ़। उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र में त्रुटि, बीपीएल राशन कार्ड कटना, जल निकासी, सफाई व्यवस्था, पेड़ों की कटाई तथा दिव्यांग पेंशन संबंधी मुद्दे प्रमुख रहे ।
शिविर में हुड्डा सेक्टर-4 निवासी कृष्ण कुमार बंसल ने शिकायत की कि उनके परिवार पहचान पत्र में मुखिया का नाम बदल दिया गया है, जिसे सही करवाया जाए। वहीं, वार्ड नंबर 5 के रामकुमार और लज्जा सिंह ने पंजलासा चौक स्थित गुरु रविदास मंदिर से शनि मंदिर तक की गली में जल निकासी और नाली की मरम्मत की मांग रखी। गांव छोटी बस्सी के रघुवीर सिंह ने बताया कि उसकी भूमि से सटे गौहर में सफेदे के तीन पेड़ हैं, जो गिरकर किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने पेड़ों को कटवाने की मांग की। गांव अंबली के लाभ सिंह ने दिव्यांग पेंशन शुरू करवाने की बात रखी, वहीं शहजादपुर माजरा की शकुंतला देवी ने परिवार पहचान पत्र में फोर व्हीलर ऐड होने के कारण बीपीएल राशन कार्ड कटने की समस्या बताई। गांव आबुपुर की जसवंती देवी ने परिवार पहचान पत्र में किसी अन्य व्यक्ति के बिजली कनैक्शन एड होने से संबंधित अपनी समस्या रखी।