अंबाला। छावनी के उपमंडल कार्यालय में वीरवार को हुई बैठक में अतिक्रमण के मुद्दे पर नोक-झोंक हुई। कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने नगर परिषद के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप जड़े। वहीं भाजपा समर्थित पार्षदों के साथ भी उनकी तीखी बहस हुई। बैठक में लगे आरोपों पर सख्त कार्रवाई करते हुए नगर परिषद ने शुक्रवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया और सड़कों पर रखे सामान को जब्त किया, वहीं अलग-अलग दुकानदारों के लगभग 10 हजार रुपये के चालान भी काटे।
हिल रोड से हुई शुरुआत
नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई छावनी के हिल रोड स्थित सब्जी मंडी से की। इस दौरान सड़क पर लगी रेहड़ियों को पीछे करवाया गया और जो बोर्ड सहित अन्य सामान था, उसे जब्त किया गया। इस दौरान लक्कड़ बाजार पहुंची टीम के साथ दुकानदारों की कुछ बहस भी हुई, बावजूद इसके नगर परिषद की टीम ने सड़क पर रखे सामान को लेकर दुकानदार का चालान काट दिया।
डिवाइडर और फुटपाथ करवाए खाली
नगर परिषद ने सदर बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में भी अभियान चलाया। इस दौरान जिस-जिस दुकानदार ने डिवाइडर और फुटपाथ के ऊपर अपने बोर्ड या अन्य कोई सामान रखा था तो उसे जब्त किया गया, वहीं सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर उन्होंने पुन: सामान रखकर सड़क पर या फुटपाथ आदि पर कब्जा किया तो उनके खिलाफ जुर्माने सहित कानूनी कार्यवाही भी अमल में लाई जाएगी।
अंबाला-जगाधर हाईवे करवाया खाली
नगर परिषद की टीम ने रात तक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को जारी रखा। बाजारों में कार्रवाई के बाद नगर परिषद की टीम अंबाला-जगाधरी हाईवे पर पहुंची और यहां सर्विस लेन पर सामान रखकर कारोबार कर रहे लोगों को चेतावनी दी। इस दौरान बहस करने वाले कुछ लोगों का सामान भी जब्त किया गया। इसी प्रकार महेशनगर में भी हाइवे की सर्विस लेन पर कार्रवाई की गई।
सेवा समिति स्कूल के पास कब्जा बरकार
हाउस की बैठक में सेवा समिति चौक के नजदीक बनाए गए भूमिगत नाले के ऊपर कब्जे को लेकर भी मुद्दा गर्माया। कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने इस पर आपत्ति दर्ज करवाई कि नगर परिषद की शह पर यह खोखे लगवाए जा रहे हैं, लेकिन कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि उनकी तरफ से खोखे लगाने को लेकर कोई परमिश नहीं दी गई है, उन्होंने बकायदा खोखे हटाने का नोटिस जारी किया हुआ है।
अंबाला छावनी की लक्कड़ मंडी में कार्रवाई करती नप की टीम। संवाद- फोटो : Samvad
अंबाला छावनी की लक्कड़ मंडी में कार्रवाई करती नप की टीम। संवाद- फोटो : Samvad